ग्वालियर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 18 जून को ग्वालियर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही ग्वालियर में आयोजित महारानी लक्ष्मीबाई बलिदान मेले में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारी के लिये जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले के ग्रामीण अंचल करहिया एवं रानीघाटी गौशाला का भ्रमण कर प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विवेक कुमार के साथ करहिया के खेल मैदान पर आयोजित होने वाले विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का अवलोकन किया। इसके साथ ही अस्थायी रूप से तैयार किए जाने वाले हैलीपेड का भी अवलोकन किया। इस मौके पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भितरवार संजीव जैन एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
