बैतूल। खामला पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम बारमाच में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। खेत में बुवाई के दौरान शुरू हुए इस विवाद में एक पक्ष ने लाठी और डंडों से महिला और दो बच्चों पर हमला कर दिया।
इस हमले में महिला सहित दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए भैंसदेही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है।
भैंसदेही पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर अफवाहें न फैलाएं और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें।
