घर के आंगन में मिले गांजा के 10 हरे पेंड़ 

सीधी। जिले के कुसमी थाना अंतर्गत बैगवां गांव में मुखविर की सूचना पर आज पुलिस ने छापामार कार्यवाही करते हुए एक घर के आंगन से गांजा के 10 हरे पेंड़ जप्त किए। जप्त किए गए पेंड़ों का वजन 12 किलो 300 ग्राम है। पुलिस कार्यवाही की भनक पाकर आरोपी रामसुंदर बैगा मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी भूपेश कुमार बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आज बैगवां गांव स्थित रामसुंदर बैगा के घर पर दबिश दी। पुलिस को घर के आंगन में कुंए के समीप गांजा के हरे पौधे दिखाई दिए। पुलिस दल की घेराबंदी होते ही आरोपी रामसुंदर बैगा पिता लद्दू बैगा घर के पीछे से भागते हुए जंगल की ओर निकल गया। कुसमी पुलिस द्वारा मौके पर गवाहों की मौजूदगी में गांजा के हरे पौधों को उखड़वाकर जप्ती की कार्यवाही की गई। सभी पौधों को सफेद कपड़े में पैक कर इलेक्ट्रानिक कांटे से वजन कराया गया जो कुल 12 किलो 300 ग्राम पाया गया। जप्त किए गए पौधों की वीडियोग्राफी भी पुलिस द्वारा कराई गई। मौके पर मौजूद लीलावती बैगा पति रामसुंदर बैगा और फूलबाई बैगा सहित अन्य लोगों ने पुष्टि किया कि यह घर और कुंआ रामसुंदर बैगा का ही है और वह इन गांजा के पौधों को उगाया करता था। कुसमी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी भूपेश कुमार बैस ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी भूपेश कुमार बैस के साथ भूपेश सिंह कर्चुली, दिनकर सिंह, दिनेश सिंह, रामेश्वर सिंह, कमलेश प्रजापति, अक्षय तिवारी और पंकज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

०००००००००००

Next Post

आर्म्स की सूचना पर घेराबंदी, मामला निकला एनडीपीएस का

Sat Jun 14 , 2025
जबलपुर। गढ़ा पुलिस ने अवैध आर्म्स बेचने की सूचना पर बालसागर तालाब के पास घेराबंदी करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया। जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो मामला एनडीपीएस का निकला, बैग से गांजा मिला। थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिली कि […]

You May Like