मुरैना: मुरैना में लाइट के लिए गोली चलने का मामला सामने आया है।चंदा करके लगाए ट्रांसफॉर्मर से बिजली चोरी करने को लेकर होटल संचालक से कॉलोनीवासियों का विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कॉलोनी वासियों ने होटल संचालक की गाड़ी और होटल पर पथराव कर दिया। बचाव में होटल संचालक ने होटल की छत से फायर कर दिया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 552 स्थित गौरवांश होटल की है। जहां होटल के पास द्वारिका धाम कॉलोनी के लोगों ने चंदा करके एक निजी ट्रांसफॉर्मर रखा था, जिस वजह से कॉलोनी की लाइट में कोई परेशानी ना आए। लंबे समय से जो कॉलोनी वासियों ने ट्रांसफार्मर चंदा करके रखा था, उसी में से गौरवंश होटल संचालक भी बिजली का उपयोग कर रहा था। जिस वजह से कॉलोनी के लोगों की लाइट का वोल्टेज फुल नहीं मिल रहा था।
कॉलोनीवासी एकत्रित हुए और होटल के पास होटल संचालक से बात करने पहुंच गए। कुछ ही देर बाद होटल संचालक और कॉलोनी वासियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बात बढ़ी तो कॉलोनी वासियों ने होटल पर पथराव कर दिया। जिस वजह से होटल संचालक की गाड़ी और होटल के शीशे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद होटल पर मौजूद कुछ लोगों ने छत पर चढ़ कर फायरिंग कर दी। इस पथराव में तीन लोगों को चोट आई है, लेकिन गनीमत यह रही कि फायरिंग के दौरान गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी।
