वाशिंगटन,11 जून (वार्ता) अमेरिका के फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल ने कहा है कि कनाडा में रह रहे पाकिस्तानी नागरिक मुहम्मद शाहजेब खान को अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया है।
श्री पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया है कि शहजेब पर इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) को भौतिक सहायता प्रदान करने और अमेरिका में आतंकवादी हमले करने की कोशिश करने का आरोप है।
मुहम्मद ने कथित तौर पर पिछले साल की शरद ऋतु में कनाडा से न्यूयॉर्क की यात्रा करने और ब्रुकलिन में एक यहूदी केंद्र पर आईएस के समर्थन में सामूहिक गोलीबारी करने की योजना बनाई थी। उसने कथित तौर पर सात अक्टूबर, 2024 को अपने हमले की योजना बनाई थी। गौरतलब है कि उस दिन इज़रायल में हमास के आतंकवादी हमले की पहली सालगिरह थी।
उन्होंने कहा,“ शुक्र है कि एफबीआई टीमों और हमारे सहयोगियों के शानदार काम ने उन योजनाओं को उजागर किया और उन्हें रोक दिया। मुहम्मद को चार सितंबर, 2024 को कनाडा की अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया। वह अब अमेरिका पहुंच गया है और अमेरिकी न्याय का सामना करेगा। यह मामला दुनिया के हर कोने में आतंकवाद के लगातार खतरे की याद दिलाता है। साथ ही हमारे यहूदी समुदायों के खिलाफ खतरों में चिंताजनक वृद्धि भी। एफबीआई सतर्क रहेगी और उनका मुकाबला करने के लिए चौबीसों घंटे काम करेगी।”
