इंदौर:नारकोटिक्स विंग ने तीन इमली चौराहा स्थित बस स्टैंड के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडाचूरा तस्करी के एक मामले का भंडाफोड़ किया है. टीम ने आरोपी मंजूर शेख को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 68 किलो डोडाचूरा जब्त किया, जिसकी कीमत 10 लाख 21 हजार रुपए बताई जा रही है.डीएसपी संतोष हाड़ा ने बताया कि आरोपी मंजूर शेख निवासी ममता कॉलोनी खजराना, बस स्टैंड के पास डोडाचूरा लेकर खड़ा था और उसे बस में चढ़ाने की फिराक में था.
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी के जावरा और मंदसौर के तस्करों से संबंध हैं. इस पर घेराबंदी कर उसे मौके से दबोच लिया. पूछताछ में आरोपी ने कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी जानकारी खंगाली जा रही है. नारकोटिक्स विंग पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है. जल्द ही अन्य गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है.
