
जबलपुर। गढ़ा थाने में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष प्रशांत दुबे के खिलाफ जमीन कब्जा करने और मारपीट के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ित साहिल नागदेव ने आरोप लगाया है कि दुबे ने अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करते हुए टिंबर व्यवसाय से जुड़ी जमीन पर जबरन फेंसिंग की और आपत्ति जताने पर उनके साथ मारपीट की गई। साहिल नागदेव, जो मदनमहल क्षेत्र में अपने पिता के साथ टिंबर का व्यवसाय करते हैं, ने बताया कि विवादित जमीन पहले उनके नाना की थी, जिसे रिश्तेदार रमेश कुमार तुलसानी को दिया गया था। बाद में जमीन को लेकर विवाद हुआ और साहिल के अनुसार, उन्होंने पैसे देकर वह जमीन दोबारा वापस ले ली। बावजूद इसके, तुलसानी ने वही जमीन बीजेपी नेता प्रशांत दुबे को बेच दी।
