
ग्वालियर। ट्राइबल वेलफेयर डिपार्टमेंट से रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर के ड्राइवर रामकुमार शर्मा की पत्नी पद्मा शर्मा छह दिन से लापता हैं। पद्मा इस दिन सुबह घर से निकली थीं और फिर वापस नहीं लौटीं। पुलिस के रवैये से नाराज पति ने अपने स्तर पर पत्नी की तलाश शुरू कर दी है। वे अपने बच्चों के साथ संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज देख रहे हैं और बाजारों में लापता के पोस्टर लगा रहे हैं। इससे पहले पति रामकुमार शर्मा ने यूनिवर्सिटी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस पर पत्नी की तलाश में सक्रिय न होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई है।
करीब 44 साल की नौकरी के बाद रामकुमार शर्मा पिछले साल 31 जनवरी को रिटायर हो गए थे। रामकुमार शर्मा गोविंदपुरी में रहते हैं और दिनभर पैदल चलकर लोगों से पत्नी के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। पद्मा शर्मा मानसिक रूप से बीमार चल रही थीं।
सीएसपी रॉबिन जैन का कहना है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और परिवार की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर पद्मा शर्मा की तलाश कर रही है।
*पहले भी घर से गई थी लेकिन दो तीन घंटे में लौट आई थी*
रामकुमार शर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी इससे पहले भी एक बार कहीं चली गई थीं, हालांकि दो-तीन घंटे में वापस आ गईं। इस बार 31 अगस्त को गईं तो अब तक नहीं लौटीं। उनके पास फोन भी नहीं है और घर से जाने से पहले किसी से कोई बात भी नहीं हुई है। उन्होंने शहर खंगालने के साथ रिश्तेदारों से भी पता कर लिया है लेकिन वह रिश्तेदारों के यहां भी नहीं पहुंची। उन्होंने बताया कि परिवार में उनके अलावा बेटा हिमांशु शर्मा है। इसके अलावा परिवार में कोई नहीं है। पद्मा को तलाश करने में मुंहबोली बेटी दीपा गुप्ता और उसका बेटा युवराज भी उनकी मदद कर रहे हैं।
