भोपाल। राजधानी के कोलार क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने चाकू अड़ा कर सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया. बदमाशों ने इस दौरान पीड़ित के मारपीट भी की जिससे उनके शरीर पर चोट के निशान भी मिल. पुलिस ने मामला सामने आने पर देर शाम को प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस जानकारी के अनुसार सोहागपुर कोलार निवासी रामपाल उम्र 37 साल के साथ घटना घटी है. फरियादी एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है. फरियादी रामपाल ने पुलिस को बताया कि उनके साथ देर रात जब वह अपनी बाइक से घर जा रहे थे तभी पीछे से आए बदमाशों ने उनकी बाइक में जोरदार धक्का मारा. जिससे वह अंसतुलित होकर गिर पड़े. मौका पाकर बदमाशों ने उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया. इस दौरान उनके पास जो कुछ भी था बदमाश लूट कर भाग निकले. रामपाल ने बताया कि उनके बैग में जरूरी दस्तावेज और करीब ढ़ाई हजार रूपए कैश रखे थे. जिसे बदमाश ले उड़े. ड़र के कारण वह थाने देर से पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.
