
अहमदाबाद, 03 जून (वार्ता) पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद मण्डल ने अप्रैल-मई 2025 में विभिन्न टिकट जांच अभियानों से 6.34 करोड़ रुपये जुर्माना प्राप्त किया है।
मंडल रेल प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि अहमदाबाद मंडल अपने यात्रियों की सुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाने के लिए कटिबद्ध है। वैध यात्रियों की सुरक्षित एवं सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिये मंडल द्वारा अनेक सशक्त कदम उठाये जा रहे हैं।
वर्ष 2025-26 के अप्रैल एवं मई माह के दौरान अनधिकृत यात्रा की रोकथाम के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक सुधीर कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अन्नू त्यागी और अन्य वाणिज्य अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन टिकट जांच कार्य की समीक्षा की गयी एवं उनके मार्गदर्शन में विशेष टिकट जांच अभियान संचालित किये गये।
एक अप्रैल 2025 से 31 मई 2025 तक अहमदाबाद मंडल द्वारा विभिन्न रेल खंडों जैसे मणिनगर-नडियाद, असारवा–दहेगाम, महेसाणा-पालनपुर, पालनपुर-गांधीधाम एवं प्रतिष्ठित नमो भारत रैपिड ट्रेन एवं अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाये गये। इन अभियानों में टिकट निरीक्षकों द्वारा आरपीएफ के सहयोग भी प्राप्त हुआ तथा कई अभियानों में वाणिज्य अधिकारियों ने स्वयं अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस व्यापक अभियान के अंतर्गत कुल 80 हजार प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 6.34 करोड़ रुपये से अधिक राशि वसूली गई, जो कि निर्धारित लक्ष्य से 1.28 प्रतिशत अधिक एवं पिछले वर्ष की तुलना में 1.87 प्रतिशत अधिक है। यह प्रदर्शन पिछले दो वर्षों में अब तक का सर्वश्रेष्ठ रहा है। साथ ही, रेल परिसरों में गंदगी फैलाने वाले 319 यात्रियों से 70 हजार
रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
पश्चिम रेलवे अहमदाबाद मंडल ने अपने यात्रियों से विनम्र अनुरोध किया है कि कृपया उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, जिससे आपकी यात्रा सुगम, सुरक्षित एवं आनंददायक हो।
