
इंदौर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “ईगल क्लॉ” के तहत तेजाजीनगर पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 76 ग्राम एम.डी. ड्रग्स (मेफेड्रोन) के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद माल की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध पहले से भी नशे के मामलों में प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त जोन-01 विनोद कुमार मीना, एडीसीपी आलोक शर्मा व एसीपी आज़ाद नगर रविंद्र बिलवाल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। तेजाजीनगर थाना पुलिस की टीम रालामंडल रोड पर गश्त कर रही थी, तभी एक युवक पुलिस को देखकर घबराकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम ताहीर उर्फ सेंडी बाला शाह (28), निवासी अमन नगर, मुसाखेड़ी बताया। तलाशी में उसके पास से 76 ग्राम एम.डी. ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 70 लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
