ग्वालियर: घासमंड़ी स्थित काली माता मंदिर के पास आज तड़के एक मकान में भीषण आग लग गयी। हरीसिंह कुशवाह के घर में एयर कंडीश्नर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी। कमरे से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं ने आग में बदल गया। हरीसिंह ने तत्काल अपने परिवार को घर से बाहर निकाला। उन्होंने बिजली विभाग को सूचना देकर क्षेत्र की लाइट बन्द करवाई और फायर ब्रिगेड को बुलाया।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। घर का सारा सामान, दो मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा जलकर राख हो गए। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और एसडीएम को नियमानुसार आर्थिक मदद करने के निर्देश दिए। आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।
