जबलपुर। लगातार हो रही झमाझम बारिश के बीच बरगी बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बांध में पानी की भारी आवक को देखते हुए जलस्तर नियंत्रित करने के लिए आज 5 गेट 1.50 मीटर की ऊंचाई तक खोल दिए गए हैं।
बांध के गेट खुलने के बाद नर्मदा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। नर्मदा नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है। साथ ही लोगों से नदी और घाटों से दूर रहने की अपील की गई है।
लगातार बारिश और बांध में बनी भारी पानी की आवक के बीच प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। लोगों से अपील है कि वे प्रशासन की चेतावनी का पालन करें और नदी के आसपास जाने से बचें।
