माॅस्को/इस्तांबुल, 31 मई (वार्ता) रूस-यूक्रेन वार्ता का नया दौर इस्तांबुल में तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोआन के कार्यालय में होने की उम्मीद है।
सूत्रों ने कहा,“सबसे अधिक संभावना है कि यह दौर फिर से डोलमाबाहचे में कार्यालय में होगा।”
संयुक्त राष्ट्र में रूस के स्थायी प्रतिनिधि वसीली नेबेंजिया ने शुक्रवार को कहा कि इस्तांबुल में यूक्रेन के साथ संभावित आगामी वार्ता में रूस वार्ता प्रक्रिया के लिए दोनों पक्षों के दृष्टिकोणों पर ज्ञापनों का आदान-प्रदान करने का प्रस्ताव करता है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहले यूक्रेन को 15 मई को इस्तांबुल में बिना किसी पूर्व शर्त के सीधी वार्ता फिर से शुरू करने का सुझाव दिया था।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि यूक्रेन के साथ प्रस्तावित वार्ता का उद्देश्य संघर्ष के मूल कारणों को खत्म करना और रूस के हितों को सुनिश्चित करना है।
रूसी प्रतिनिधिमंडल 15 मई को इस्तांबुल पहुंचा, लेकिन दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच कोई संपर्क नहीं हुआ।
यह बैठक अगले दिन हुई और लगभग दो घंटे तक चली। रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी व्लादिमीर मेडिंस्की ने कहा कि दोनों देश संभावित युद्ध विराम के अपने दृष्टिकोण प्रस्तुत करने के लिए सहमत हुए हैं। श्री मेडिंस्की ने यूक्रेन के साथ बातचीत जारी रखने के लिए रूस की तत्परता भी बताई।
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि रूसी प्रतिनिधिमंडल दो जून को इस्तांबुल में दूसरे दौर की वार्ता के दौरान यूक्रेनी पक्ष को समझौते पर एक ज्ञापन प्रस्तुत करने के लिए तैयार है।
रूस ने कहा है दो जून को इस्तांबुल में वार्ता आयोजित करने के उसके प्रस्ताव पर यूक्रेन की प्रतिक्रिया फिलहाल नहीं मिली है।
