
इंदौर. एक निजी कंपनी से लाखों रुपए का कच्चा माल लेकर भुगतान न करने और विश्वासघात कर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम ने ग्वालियर से गिरफ्तार किया है. आरोपी ने पांच गाड़ियों में माल लेकर करीब 45 लाख रुपए की ठगी की थी. मामले में क्राईम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर रही है.
मास्टर प्लास्टर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के आवेदक केशव सोनी ने इंदौर क्राईम ब्रांच को शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी प्लास्टिक बोरियों में इस्तेमाल होने वाला फिलर मास्टर बेच तैयार कर देश-विदेश में सप्लाई करती है. वर्ष 2023 में एक कंपनी ने संपर्क कर कच्चा माल मंगवाया. शुरुआत में कुछ भुगतान कर विश्वास बनाया गया, लेकिन बाद में माल खराब बताकर भुगतान नहीं किया. इसके बाद आरोपी ने पांच गाड़ियों का रॉ मटेरियल लेकर करीब 45 लाख 28 हजार 250 रुपए की धोखाधड़ी की. जांच में सामने आया कि आरोपी पहले वसुंधरा पॉलिसैक प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कंपनी चला रहा था, जिसे वर्ष 2024 में बदलकर मां उर्मिला पॉलिसैक प्राइवेट लिमिटेड कर दिया. 45 वर्षीय आरोपी नागेंद्र सिंह भदौरिया, निवासी जिला ग्वालियर, कंपनी का डायरेक्टर है. वह केवल 12 वीं पास है और वर्ष 2016 से इस कारोबार में सक्रिय था. क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी को ग्वालियर से गिरफ्तार कर इंदौर ले आई. उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
