मुरैना: कैलारस तहसील के भुरावली गांव में सीमांकन के दौरान खेत मालिक ने मौके पर रिपोर्ट नहीं मिलने से नाराज होकर पटवारी से मारपीट कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि पटवारी का चश्मा टूट गया और सीमांकन नक्शा भी फाड़ दिया गया। भुरावली हल्के के पटवारी देश दीपक सिंह अपने चार सहकर्मी ललित अटल, रिंकू कुशवाह, देवेंद्र निगम और रामअवतार शाक्य के साथ खेत नंबर 63 का सीमांकन कर रहे थे। यह जमीन शिवचरण धाकड़ की है।
सीमांकन पूरा होने पर शिवचरण ने रिपोर्ट की कॉपी मौके पर मांगी। पटवारी ने बताया कि रिपोर्ट तहसील में प्रस्तुत की जाएगी, मौके पर नहीं दी जा सकती। यह सुनते ही विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान शिवचरण उर्फ शिवराम धाकड़ और उसके परिजन बनवारी, मुनेश और विजय ने मिलकर पटवारी पर हमला कर दिया। उनका चश्मा तोड़ दिया और सीमांकन नक्शा फाड़ दिया गया। अन्य पटवारियों से भी धक्का-मुक्की की गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
