हॉकी इंडिया के उप प्रधान नितिन कोहली आप में शामिल

जालंधर 29 मई (वार्ता) जालंधर शहर के एक प्रमुख खेल सामान के कारोबारी और हॉकी इंडिया के उप प्रधान नितिन कोहली गुरुवार को यहां आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए।
प्रेस सम्मेलन में पंजाब के पार्टी प्रभारी मनीष सिसोदिया और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने श्री नितिन कोहली का पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर आप पंजाब के कार्यकारी प्रधान अमनशेर सिंह शैरी कलसी और अन्य पार्टी नेता भी उपस्थित रहें।
पार्टी में शामिल होने के बाद कोहली ने कहा, “मैं आप सरकार द्वारा उद्योगों पर ध्यान केंद्रित करने और पंजाब के विकास के प्रति प्रतिबद्धता से बेहद प्रभावित हूं। यह वह पार्टी है जो वास्तव में नागरिकों के कल्याण को प्राथमिकता देती है। मैं अरविंद केजरीवाल जी और भगवंत मान जी के नेतृत्व में राज्य के उद्योगों के विकास और जालंधर के कल्याण में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।”
पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद मनीष सिसोदिया ने नितिन कोहली को जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोहली स्थानीय जनता की शिकायतों को दूर करने और हर समुदाय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए यहां एक कार्यालय भी बनाएंगे।
उद्योगपति नितिन कोहली को व्यापार, खेल, शिक्षा और स्थानीय शासन में उनके योगदान के लिए जाना जाता है। वह हाइक शू प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और स्पोर्ट्स शू ब्रांड ‘ट्रेसर’ के संस्थापक हैं। उन्होंने किफायती और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद प्रदान करने की हमेशा कोशिश की है। वहीं खेल के क्षेत्र में, कोहली ने स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अपने परिवार के ब्रांड विजयंती से शुरुआत करते हुए, उन्होंने इसे हॉकी उपकरण निर्माण में वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने हॉकी पंजाब और हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष सहित प्रमुख जिम्मेदारी निभाई है, जहां उन्होंने प्रतिभाओं को पोषित करने और सुधारों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्री मनीष सिसोदिया ने कहा, “नितिन कोहली जालंधर या आप के लिए नए नहीं हैं। वे पार्टी की स्थापना के समय से ही पंजाब के लिए हमारे विजन का समर्थन करते रहे हैं। आज उनका औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल होना जालंधर में पार्टी के लिए एक नया अध्याय है।” उन्होंने कहा कि श्री नितिन कोहली का आप में शामिल होना पंजाब के औद्योगिक समुदाय का आप सरकार की नीतियों में विश्वास को दर्शाता है।
सतर्कता विभाग द्वारा जालंधर सेंट्रल के विधायक रमन अरोड़ा की हाल ही में हुई गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए श्री सिसोदिया ने कहा, “आप एकमात्र ऐसी पार्टी है जो किसी भी तरह के भ्रष्टाचार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करती है, चाहे वह व्यक्ति पार्टी का हो या बाहरी। दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाता है”।
श्री सिसोदिया ने गुजरात का उदाहरण देते हुए भाजपा पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों गुजरात के पंचायती राज मंत्री के बेटा का नाम 71 करोड़ रुपये के घोटाले में सामने आया। उन्होंने कहा, “जहां अन्य पार्टियां गलत काम करने वालों को बचाती हैं, वहीं आप सख्त कार्रवाई करके एक मिसाल कायम करती है।”
आप पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा, “नितिन कोहली की स्वच्छ छवि, उद्यमशीलता की भावना और जन कल्याण के प्रति समर्पण आप के सिद्धांतों के साथ पूरी तरह मेल खाता है। उनके शामिल होने से पार्टी में नई ऊर्जा और ताकत आएगी।”

Next Post

ब्राजील - अमेरिका से संबध बिना शर्त वाले नहीं हैं: विएरा

Thu May 29 , 2025
रियो डी जनेरो, 29 मई (वार्ता) ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा ने साफ किया है कि ब्राजील और अमेरिका के संबध ‘बिना शर्त’ वाले नहीं हैं। श्री विएरा ने यहां चैंबर ऑफ डेप्युटीज के तहत एक समिति को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ब्राजील के साथ अमेरिका के […]

You May Like