
नई दिल्ली, 28 मई (वार्ता) जुआरी इंडस्ट्रीज लिमिटेड का एकल शुद्ध मुनाफा 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में इसके पिछले वित्त वर्ष के 234.6 करोड़ रुपये के मुकाबले चार प्रतिशत की बढ़त के साथ 243.9 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी ने बुधवार को बयान जारी कर बताया कि इस दौरान कंपनी का परिचालन मुनाफा (ईबीआईटीडीए) 49.9 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल से थोड़ा अधिक है। पूरे वित्त वर्ष की बात करें तो कंपनी का एकल राजस्व 22 प्रतिशत बढ़कर 870.7 करोड़ रुपये पहुंच गया जबकि ईबीआईटीडीए 42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 70 करोड़ रुपये रहा। कर पूर्व लाभ (पीबीटी) 31.8 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। समेकित स्तर पर कंपनी ने 1,082.5 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया, जो मामूली रूप से 1.4 प्रतिशत ज्यादा रहा। हालांकि, असाधारण खर्चों की वजह से कंपनी को 94.4 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ।
कंपनी के चीनी, बिजली और इथेनॉल (एसपीई) डिवीजन ने जबरदस्त प्रदर्शन किया, जिसमें गन्ना पेराई 11 प्रतिशत बढ़कर 157 लाख क्विंटल और चीनी उत्पादन 10.61 प्रतिशत रिकवरी दर के साथ 14.8 लाख क्विंटल पहुंच गया। चीनी की बिक्री 47 प्रतिशत बढ़कर 602 करोड़ रुपये हो गई जबकि बिजली निर्यात 40 प्रतिशत बढ़कर 9.1 करोड़ यूनिट रहा, जिससे 37.3 करोड़ रुपये की आय हुई। इथेनॉल बिक्री में भी 39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 226.2 करोड़ रुपये की कमाई हुई।
कंपनी की सहायक और संयुक्त उद्यम कंपनियों ने भी अच्छा योगदान दिया। दुबई में सेंट रेजिस रेजिडेंस की पूरी बिक्री के साथ जुआरी इंफ्रावर्ल्ड ने हैदराबाद और कोलकाता में नई परियोजनाएं शुरू कीं। साइमन इंडिया ने 15.4 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया और अब उर्वरक और रसायन क्षेत्र में विस्तार की तैयारी कर रही है। वित्तीय शाखा जुआरी फिनसर्व और इंश्योरेंस ब्रोकिंग में भी क्रमशः 17 प्रतिशत और 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
जुआरी एनवियन बायोएनर्जी की बायोएथेनॉल परियोजना 76 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और सितंबर 2025 तक शुरू होने की संभावना है। कंपनी अपने संचालन में तकनीक और डिजिटल नवाचारों के ज़रिए दक्षता लाने पर ध्यान दे रही है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक अतहर शहाब ने कहा कि यह मजबूत प्रदर्शन संचालन में सुधार, संसाधनों के बेहतर उपयोग और रणनीतिक निर्णयों का परिणाम है। जुआरी इंडस्ट्रीज कृषि रसायन, इंजीनियरिंग, रियल एस्टेट, जैव ईंधन और वित्तीय सेवाओं जैसे क्षेत्रों में देशभर में काम कर रही एक विविध समूह कंपनी है।
