
पिपरिया। 25 मई को कट मारने के विवाद में अपहरण कर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बनखेड़ी निवासी शरीफ खान ने 26 मई को भाई पप्पू उर्फ इकबाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में चश्मदीद हिमांशु यादव ने बताया कि बरेली से लौटते समय धनराज रघुवंशी, गौरव पटेल और शिवम दुबे ने पप्पू से मारपीट कर अपहरण कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने पप्पू की लात-घूंसों से पिटाई कर सिर और छाती में गंभीर चोटें पहुंचाई और उसकी लाश को चांदौन-खापरखेड़ा मार्ग की नहर में फेंक दिया। पुलिस ने बताए स्थान पर पप्पू का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा। आरोपियों की मोटरसाइकिल भी झाड़ियों से बरामद की गई। हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में टीआई गिरीश त्रिपाठी और उनकी टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई।
