सीहोर, 26 मई (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की “विकसित भारत संकल्प पदयात्रा” आज दूसरे दिन मध्यप्रदेश के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के बिजला जोड़, चांदा ग्रहण जोड़ और भैरूंदा क्षेत्र में पहुंची, जहां श्री चौहान ने उपस्थितजनों से केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में चर्चा की।
विदिशा संसदीय क्षेत्र से सांसद श्री चौहान अपने संसदीय क्षेत्र के अधीन आने वाले सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा के दौरान लोगों से मिलते हुए और संवाद करते हुए दिखे। उनकी पत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान, पुत्र और पुत्रवधु भी यात्रा के दौरान नजर आए।
पदयात्रा के दौरान श्री चौहान ने सबसे पहले बिजला जोड़ में युवाओं से भेंट कर उनसे संवाद किया। इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर और हमारी सेनाओं के शौर्य और पराक्रम की सबने सराहना की। फिर “स्ट्रीट वेंडर योजना” व “विश्वकर्मा योजना” के हितग्राहियों से भी संवाद किया। उसके बाद केंद्रीय मंत्री चांदा ग्रहण जोड़ पहुंचें, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, वॉटर हार्वेस्टिंग और जल संरक्षण योजनाओं के हितग्राहियों से चर्चा की। वहीं भैरूंदा में भी केन्द्रीय मंत्री ने महिला सशक्तिकरण सहित केन्द्र की योजनाओं को लेकर लाभार्थियों से संवाद किया। पदयात्रा के दौरान श्री चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान ने हाथों में तीर-कमान लेकर पारंपरिक आदिवासी नृत्य भी किया।
केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान विकसित भारत संकल्प पदयात्रा के दौरान जल जीवन मिशन की कलश यात्रा में शामिल हुए और मंच से जनता को जल संरक्षण के लिए संकल्प भी दिलाया। उन्होंने लोगों को प्रतिज्ञा दिलायी कि जल के बेशकीमती खजाने का उपयुक्त उपयोग होगा और जल को बर्बाद नहीं करेंगे। साथ ही अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों को भी जल का उपयुक्त प्रयोग करने और जल को बर्बाद न करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा करते हुए जल संरक्षण की योजनाओं के संबंध में संवाद किया और संबंधित अधिकारियों से चेकडैम, स्टॉपडैम, बोरी-बंधान, खेत-तालाब योजना, गंगाजल संवर्धन योजना के बारे में जानकारी ली और जनता को भी इन योजनाओं के बारे में सरल भाषा में समझाया।
केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि ये विकास यात्रा विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज वे सभी को एक खुशखबरी देना चाहते हैं। वर्ष 2014 में हमारे देश की अर्थव्यवस्था, दुनिया में 11वें नंबर पर थी, लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धीरे-धीरे बढ़ते हुए ये पांचवें नंबर पर पहुंची और अब भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। जल्द ही हम जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरे नंबर पर आएंगे और आने वाले समय में भारत नंबर वन भी बनेगा।
श्री चौहान ने कहा कि वे इसलिए पदयात्रा निकाल रहे हैं कि विकसित भारत के निर्माण के लिए हर एक के सीने में आग पैदा कर सकें। अपना गाँव स्वच्छ रहे, पानी बचे, बेटियों का सम्मान हो, अच्छी पढ़ाई हो, आंगनवाड़ी ठीक से चले, इलाज की बेहतर व्यवस्था हो, अस्पताल ठीक चलें, जल का संरक्षण हो और योजनाओं का लाभ हर एक को मिले। इसी तरह के काम में सभी का सहयोग आवश्यक है।
श्री चौहान ने कहा कि 29 मई से विकसित कृषि संकल्प अभियान शुरू हो रहा है। इस अभियान के तहत वैज्ञानिक, किसानों के खेतों तक पहुंचेंगे। लगभग 16 हजार वैज्ञानिक हैं, जिनमें से 2 हजार 170 वैज्ञानिकों की टीमें देशभर के गांवों में पहुंचेंगी और उनके साथ चर्चा करेंगी। वैज्ञानिक गांव और उसके आसपास के क्षेत्रों की एग्रो क्लाइमैटिक कंडिशन्स, मिट्टी का स्वास्थ्य, मिट्टी के पोषक तत्व, खाद और बीज, कीटों के प्रकोप को समझेंगे और किसानों को सलाह देंगे। साथ ही किसान भी वैज्ञानिकों से अपनी समस्याओं को साझा करेंगे। इसके अलावा मिट्टी के हिसाब से कौन सी फसल उपयुक्त है, कौन से बीज बेहतर हैं, ऐसे कई विषयों पर वैज्ञानिक, किसानों से चर्चा करेंगे।
श्री चौहान ने कल अपनी पदयात्रा विदिशा संसदीय क्षेत्र में प्रारंभ की थी और इस दौरान वे कुछ किलोमीटर पैदल भी चले।
