भोपाल, 26 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में 31 मई को होने वाले महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर कल भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आवश्यक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा सहित अन्य नेता संबोधित करेंगे।
प्रदेश भाजपा की ओर से आज यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद कल शाम 4 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक में आयोजन से संबंधित विभिन्न समितियों से जुडी नारी शक्तियां विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
मध्यप्रदेश भाजपा द्वारा देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में 21 से 31 मई तक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। समापन अवसर पर 31 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भोपाल के जंबूरी मैदान में प्रदेश भर की 2 लाख से अधिक नारी शक्ति को संबोधित करेंगे। महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में मंच संचालन से लेकर संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नारी शक्ति संभालेंगी।
