डॉ. नरेश ने कोरोना को लेकर दिल्ली सरकार को किया आगाह, रेखा को सौंपा ज्ञापन

नयी दिल्ली (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस की वापसी की आशंका के मद्देनजर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पहले से ही सभी तरह की चिकित्सा तैयारियां पूरी करने की मांग की है।

डॉ. कुमार की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने श्रीमती गुप्ता को एक ज्ञापन सौंपा है और कहा है कि सरकार समय रहते आवश्यक चिकित्सा तैयारियां सुनिश्चित करें ताकि पिछली बार जैसी गंभीर स्थिति न उत्पन्न हो।

उन्होंने कहा कि सरकार को खतरे की घंटी बजने का इंतजार नहीं करना चाहिए बल्कि अभी से ही प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान हुई पिछली गलतियों को याद दिलाते हुए कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण हजारों लोगों की जान गई थी।

उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रमुख अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर, बेड, वेंटिलेटर एवं अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, कोरोना की जांच और वैक्सीनेशन केंद्र बढ़ाने और उनकी पहुंच आम जनता तक सुलभ बनाने,आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों और चिकित्सा कर्मचारियों को संसाधन और प्रशिक्षण देने और 24 घंटे काम करने वाला समर्पित नियंत्रण कक्ष स्थापित करने की मांग की है।

इसके अलावा मीडिया और जनसंपर्क के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाकर जनता को सतर्क करने की मांग की है।कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्लीवासी पहले से ही महंगाई, प्रदूषण और अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में कोरोना की संभावित नई लहर से निपटने में कोई कोताही भारी पड़ सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता कि दिल्ली की मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग के बीच तालमेल का अभाव है क्योंकि इस दिशा में राजधानी के अस्पतालों में कोई पहल नजर नहीं आ रही है। ऐसा ही अभाव पिछली कोरोना लहर में दिखाई दिया था और शमशान घाट तथा यमुना नदी के घाटों पर लाशें ही दिखाई दे रही थीं।उन्होंने इस संबंध में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को भी इस ज्ञापन की प्रेषित प्रति प्रेषित की है।

Next Post

यमुना की सफाई पर शाह ने की बैठक, समग्र दृष्टिकोण अपनाने को कहा

Fri May 23 , 2025
नयी दिल्ली(वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरूवार को यहां एक उच्चस्तरीय बैठक में यमुना की सफाई, दिल्ली में पीने के पानी और सीवेज व्यवस्था से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए समग्र दृष्टिकोण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। श्री शाह ने कहा कि यमुना सिर्फ एक […]

You May Like