फतेहाबाद, (वार्ता) हरियाणा के फतेहाबाद में बुधवार सुबह लघु सचिवालय को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिलने से हडक़ंप मच गया।
यह धमकी उपायुक्त (डीसी) मनदीप कौर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए एक संदिग्ध संदेश के माध्यम से दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सचिवालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी।
लघु सचिवालय परिसर में डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। किसी भी संदिग्ध वस्तु के मद्देनजऱ कर्मचारियों और आम नागरिकों की एंट्री गेट पर ही रोक दी गई है। ऐहतियातन मौके पर एक एंबुलेंस भी तैनात की गई है। इसके बाद बम और डॉग स्क्वायड को बुलाकर जांच कराई गई।
फतेहाबाद के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बातचीत में बताया कि इस तरह के ईमेल समय-समय पर आते रहते हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, लेकिन घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 07 बजे डीसी की मेल पर हॉटमेल से मेल आई। इसमें साउथ इंडियन लेंग्वेज में लिखा हुआ था कि दोपहर 3.30 बजे एक्सप्लोसिव विस्फोट होगा। कुछ अभद्र बातें भी लिखी हुई थीं। इसके बाद हिसार से बम निरोधक दस्ते की टीम बुलाई गई। टीम में शामिल पांच सदस्यों ने आकर जांच शुरू की। उनके साथ डॉग स्क्वायड की टीम भी शामिल रही।
