दीव 21 मई (वार्ता) कर्नाटक के रेणुकाचार्य होदमनी और महाराष्ट्र की दीक्षा यादव ने बुधवार को खेलो इंडिया बीच गेम्स की पुरुष और महिला वर्ग की 10 किमी खुले पानी की समुद्री तैराकी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते।
आज यहां कर्नाटक के रेणुकाचार्य होदमानी और महाराष्ट्र की दीक्षा यादव ने अरब सागर में आयोजित 10 किमी ओपन स्पर्धाओं में क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। रेणुकाचार्य ने दो घंटे नौ मिनट और 40 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पश्चिम बंगाल के प्रत्यय भट्टाचार्य ने दो घंटे 12 मिनट 31 सेकेंड के समय के साथ रजत तथा महाराष्ट्र के चैतन्य शिंदे ने दो घंटे 13 मिनट 14 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। वहीं महिला वर्ग में दीक्षा ने दो घंटे 18 मिनट और नौ सेकंड का समय लेकर शीर्ष स्थान, तमिलनाडु की अरन एमपी ने दो घंटे 33 मिनट 38 सेकेंड में रेस पूरी करते हुए रजत पदक तथा महाराष्ट्र की पूर्वा गावड़े ने दो घंटे 33 मिनट 52 सेकेंड के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
स्वर्ण पदक विजेता 17 वर्षीय रेणुकाचार्य ने सात साल की उम्र में तैराकी शुरू की थी, लेकिन तीन साल पहले ही उन्होंने ओपन वॉटर में कदम रखा।
सामान्य तैराकी और ओपन स्पर्धा के बीच अंतर पर उन्होंने कहा, “हम पूल में पानी को साफ देख सकते हैं, लेकिन ओपन वॉटर में हमें सामने देखना पड़ता है और सांस लेनी पड़ती है। इससे गर्दन पर थोड़ा दबाव पड़ता है, लेकिन यह ठीक है। छोटे पूल में तैरना और यहां ओपन में आना रोमांचक रहा है।”
दीक्षा भी बहुत कम समय के लिए ओपन कॉम्पिटिटिव तैराकी में शामिल हुई हैं। महाराष्ट्र की इस 19 वर्षीय लड़की ने बताया, “ओपन स्विमिंग में यह मेरा दूसरा साल है और मुझे बहुत मजा आया। अरब सागर में तैरना मजेदार था, लेकिन कुछ पल ऐसे भी आए जब आने वाली लहरों के कारण मुझे देखने में दिक्कत हो रही थी। इसके अलावा, जेलीफिश के डंक भी लगे। ”
