
सीहोर. मंगलवार की दोपहर स्थानीय जगदीश मंदिर चौराहा के पास से बेकाबू हुई कार ने लगभग डेढ़ किलोमीटर तक जमकर आतंक मचाया. इस दौरान रास्ते में जो भी आया उसे उड़ाते हुए कार तेज रफ्तार में भागती रही. आखिरकार इंग्लिशपुरा में कार चालक को धर- दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया गया, लेकिन तब तक बुजुर्ग सहित कई लोग घायल हो गए थे. घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर कर दिया गया है. कार चालक आरएके कृषि महाविद्यालय के प्रोफेसर बताया जाता है.
मंगलवार की दोपहर जगदीश मंदिर के समीप उस वक्त अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया जब एक तेज रफ्तार कार के चालक ने सड़क किनारे खड़ी बाइक में टक्कर मार दी. लोगों ने कार को रोकना चाहा तो चालक ने और रफ्तार बढ़ा दी. नतीजतन आनंद डेरी चौराहे पर एक अन्य बाइक चालक कार की चपेट में आ गया. इसके बाद भी कार चालक नहीं रुका बल्कि और रफ्तार बढ़ा दी. बेकाबू कार का पीछा कर रहे लोगों ने रोकना चाहा, लेकिन वह नहीं रुका और कार का रुख शहर के सबसे व्यस्ततम इंग्लिशपुरा मार्ग की ओर कर दिया. जिससे अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया था. इस दौरान थाना कोतवाली से भी पुलिस के जवान कार का पीछा करने लगे थे. लगभग डेढ़ किलोमीटर तक भागादौड़ी करने के बाद कार को इंग्लिशपुरा में कुलकुला माता मंदिर के पास रोक लिया गया. बताया जाता है कि इतने हादसों के बाद कार का अगला टायर फूट गया था. इसके बाद भी कार चालक ने कार नहीं रोकी जिससे पहिए का रिंग भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. मौके पर मौजूद भीड़ ने कार में जमकर तोडफ़ोड़ भी कर दी थी. किसी तरह पुलिस कार को जब्त कर थाने लेकर आई. आरोपी के खिलाफ लोगों में इतना आक्रोश था कि उन्होंने पुलिस के सामने भी उसके साथ मारपीट कर दी थी.
आरोपी चालक कृषि कालेज का प्रोफेसर
शहर की सड़कों पर रफ्तार का आतंक मचाने वाला आरोपी कार चालक स्थानीय आरएके कृषि महाविद्यालय का प्रोफेसर है. डॉ. आरसी जैन नामक इस आरोपी कार चालक को मेडीकल के लिए अस्पताल ले जाया गया. बताया जाता है कि डॉक्टर ने कृषि महाविद्यालय के प्रोफेसर को शराब के नशे में होने की पुष्टि कर दी है. इधर कार की चपेट में आए बुजुर्ग नादेअली को गंभीर चोटें आने पर भोपाल रेफर किया गया है. पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है.
