
भिंड। लहार नगर पालिका द्वारा आयोजित मां मंगला देवी मेला महोत्सव का सांस्कृतिक कार्यक्रम अश्लीलता और हंगामा भरा रहा। मेले में आई डांस पार्टी में फिल्मी अश्लील गानों पर नाचने के लिए करीब आधा दर्जन युवतियों को मंच पर बुलाया। इसी दौरान मंच के पीछे कुछ युवक आपस में भिड़ गए, जिसके बाद मारपीट की स्थिति बन गई और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। विवाद के बाद कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया गया। मेले के मुख्य कार्यक्रम में शामिल युवकों ने डांस कर रही युवतियों पर नोट उड़ाए और जमकर हंगामा किया। इसी बीच कुछ उपद्रवी युवक मंच के पीछे पहुंच गए और डांसर युवतियों के साथ अश्लील इशारे करने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि दो गुट आपस में भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि मलपुरा गांव का एक युवक भी इस झगड़े में घायल हुआ है। इस हंगामे के दौरान नगर पालिका के कुछ कर्मचारियों से भी बहस की स्थिति बनी। विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी युवक फरार हो चुके थे। हालांकि घटना के संबंध में अब तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस पूरे मामले पर लहार सीएमओ रामशंकर शर्मा का कहना है कि मेले के दौरान कुछ युवकों में आपसी मारपीट हुई, लेकिन इसका आयोजन से कोई लेना-देना नहीं है। विवाद की स्थिति बनने पर कार्यक्रम को बंद कर दिया गया।
