
उज्जैन । नागझिरी थाना अंतर्गत देवास रोड स्थित कल्पतरू कालोनी में लिव इन में रहने वाले युगल ने शुक्रवार – शनिवार दरमियानी रात में जहर खा लिया। तडके युवती की चरक अस्पताल में मौत हो गई। युवक की स्थिति गंभीर होने पर उसे उज्जैन के ही एक निजी अस्पताल में रैफर किया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर युवती का पोस्टमार्टम करवाया है। उसके शव को परिजनों के सिपुर्द किया गया है। मामले में जांच की जा रही है।थाना प्रभारी कमल निगवाल के अनुसार कल्पतरू कालोनी के आवास में देवास के मकोडिया गांव का निवासी राम पटेल 32 वर्ष निवास करता है। यहां इंदिरा नगर नागझिरी निवासी हेमलता राजपूत 28 वर्ष का आना जाना निरंतर था। युवती की साल भर पहले ही देवास के पास शादी हुई थी। युवक युवती यहां कल्पतरू के आवास में लिव इन में होकर आना जाना करते थे। दोनों ही उज्जैन में प्रायवेट नौकरी करते थे। दोनों के बीच 4 साल से संबंध होना सामने आया है। युवती शादी के बाद से अपने ससुराल नहीं गई । युवक की पत्नी एवं बच्चे देवास स्थित गांव में ही उसके परिवार के साथ रहते हैं। युवक बराबर उनके पास आता जाता रहता है। देर रात दोनों ने अज्ञात कारणों के चलते कल्पतरू आवास में जहर खाया। युवती के बेसूध होने पर राम ने ही एंबुलेंस को फोन कर बुलाया था। अस्पताल में दोनों को लाया गया था। सूचना पर पुलिस पहुंची थी। पुलिस बयान दर्ज करती उससे पहले ही युवती की मौत हो गई,युवक की स्थिति बयान देने जैसी नहीं थी उसे निजी अस्पताल में डाक्टरों ने रैफर किया है। दोनों के जहर खाने की पीछे की वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस ने दोनों के मोबाईल बरामद किए हैं।
