गिर गया शेयर बाजार

मुंबई, 16 मई (वार्ता) एशियाई बाजारों की गिरावट के दबाव में स्थानीय स्तर पर भारती एयरटेल, एचसीएल टेक, एसबीआई और इंफोसिस समेत चौदह दिग्गज कंपनियों में हुई बिकवाली से शेयर बाजार पिछले लगातार दो दिनों की तेजी के बाद आज गिरकर बंद हुआ।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 200.15 अंक का गोता लगाकर 82,330.59 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 42.30 अंक टूटकर 25019.80 अंक पर आ गया। हालांकि बीएसई की दिगगज कंपनियों के मुकाबले मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में लिवाली हुई, जिससे मिडकैप 0.85 प्रतिशत उछलकर 45,005.84 अंक और स्मॉलकैप 1.18 प्रतिशत की छलांग लगाकर 51,045.74 अंक पर पहुंच गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 4126 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2607 में लिवाली जबकि 1380 में बिकवाली हुई वहीं 139 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई की कुल 2971 कंपनियों में से 1969 में तेजी जबकि 911 में गिरावट रही वहीं 91 में टिकाव रहा।
विश्लेषकों के अनुसार, शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांकों में गिरावट देखी गई, जिसका मुख्य कारण भारती एयरटेल, एसबीआई और आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के शेयरों में कमजोरी रहा। इन शेयरों में बिकवाली से बाजार पर दबाव बना।
वहीं, इस गिरावट के बावजूद बाजार को अमेरिका के साथ जारी व्यापार वार्ता से कुछ सहारा मिलने की उम्मीद है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि इन वार्ताओं से सकारात्मक नतीजे निकलते हैं तो यह भू-राजनीतिक तनाव में हालिया नरमी के साथ मिलकर बाजार की लंबी अवधि की तेजी को बनाए रखने में मदद कर सकता है।
बीएसई के सात समूहों में गिरावट जबकि अन्य में बढ़त रही। इस दौरान हेल्थकेयर 0.29, आईटी 0.71, दूरसंचार 0.03, बैंकिंग 0.15, धातु 0.20, टेक 1.29 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 0.88 प्रतिशत लुढ़क गए। वहीं, सीडी 0.87, ऊर्जा 0.50, एफएमसीजी 0.62, इंडस्ट्रियल्स 1.80, यूटिलिटीज 1.44, ऑटो 0.63, कैपिटल गुड्स 1.63, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.62, पावर 1.37, रियल्टी 1.72 और सर्विसेज समूह के शेयर 0.70 प्रतिशत चढ़ गए।
वैश्विक स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.63 और जर्मनी का डैक्स 0.80 प्रतिशत मजबूत रहा। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग 0.46, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.40 प्रतिशत और जापान का निक्केई गिर गया।

Next Post

लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में प्रतिस्पर्धा के लिए पारदर्शी रास्ता निकाले: क्रिकेट वेस्‍टइंडीज

Fri May 16 , 2025
पोर्ट ऑफ स्पेन 16 मई (वार्ता) क्रिकेट वेस्‍टइंडीज (सीडब्ल्यूसी) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल होने के लिये साफ और पारदर्शी रास्‍ता निकालने की मांग की है। सीडब्ल्यूसी अध्‍यक्ष ने कहा, “कैरेबियाई टीम ने ओलंपिक में हमेशा अपने प्रदर्शन […]

You May Like