
इंदौर:प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से जुड़े मामले में शनिवार को एक युवती जोन 1 डीसीपी कार्यालय पहुंची और पुलिस के समक्ष बयान दर्ज कराए. बयान के बाद युवती ने मीडिया से कहा कि उसने नाना पटवारी पर कभी कोई आरोप नहीं लगाए. उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं.युवती ने कहा कि वह नाना पटवारी को पिछले चार पांच वर्षों से जानती है. इस दौरान उन्होंने उसके साथ कभी कोई गलत व्यवहार नहीं किया. मीडिया में यह कहा जा रहा है कि नाना युवतियों को ड्रग्स उपलब्ध कराते हैं या उन्हें नशे का आदी बनाते हैं, जबकि उसने ऐसा कभी नहीं देखा.
युवती का कहना था कि वह लंबे समय से नाना के संपर्क में है, लेकिन उसने उन्हें शराब पीते तक नहीं देखा, ड्रग्स लेने या देने की बात तो बहुत दूर है. साजिश संबंधी सवाल पर उसने कहा कि उसे यह जानकारी नहीं है कि कौन उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहा है. उल्लेखनीय है कि हाल ही में गुजरात के ड्रग्स तस्करों से पूछताछ के दौरान नाना पटवारी का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ की थी. इसके बाद नाना पटवारी ने मीडिया के सामने आकर स्वयं पर लगे आरोपों से इनकार किया था. वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक द्वेष से जोड़ते हुए परिवार को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया था.
जांच अभी जारी है
नाना पटवारी से जुड़े मामले की जांच जारी है, गुजरात के ड्रग्स तस्करों से जुड़े कुछ तथ्य सामने आए हैं, जिनकी पुष्टि की जा रही है. मामले में विभिन्न लोगों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
– एडिशनल डीसीपी, राजेश दंडोतिया
