भोपाल: मध्यप्रदेश में महिला सैन्य अधिकारी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंत्री विजय शाह के विवादित बयान के खिलाफ शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए मंत्री शाह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
राज्यपाल से मिलने के बाद कांग्रेस विधायक काले कपड़ों में राजभवन के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने मंत्री शाह के बयान को देश, सेना और महिला सम्मान का अपमान बताते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। धरने के दौरान विधायक सचिन यादव ने कहा कि मंत्री शाह ने देश की बहन-बेटियों और सेना का अपमान किया है, जो निंदनीय है।
हालांकि, राजभवन के बाहर धरना दे रहे कांग्रेस विधायकों को पुलिस ने जबरन हटा दिया और उन्हें हिरासत में ले लिया। इस पर कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह मंत्री शाह की गिरफ्तारी की बजाय शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विधायकों को गिरफ्तार कर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह महिला सैन्य अधिकारी के सम्मान और देश की सेना के मान को बनाए रखने के लिए अपने विरोध को जारी रखेगी।
