सीहोर।परिवहन विभाग और यातायात पुलिस सड़क पर उतरी दोनों विभागों ने संयुक्त अभियान चलाकर हाईवे पर वाहनों की चैकिंग की. इस दौरान एक स्कूल बस को जब्त किया गया. इस बस में बाराती भरे हुए थे. इसी तरह एक अन्य बस बिना परमिट सड़क पर दौड़ती पकड़ी गई. इससके अलावा सवारी ऑटो व अन्य वाहनों की भी चैकिंग करते हुए उनसे 75 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया.
फंदा टोल के समीप दोनों विभागों ने मोर्चा जमाया. इस दौरान वहां से गुजरने वाली एक स्कूल बस को जब रोका गया तो उसमें बाराती भरे मिले. बस चालक ने बताया कि वह भोपाल से बारात सीहोर के नजदीकी ग्राम बिजौरी ला रहा था. परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते पाए जाने पर इस बस को जब्त किया गया. हालांकि बस में सवार बारातियों को बिजौरी तक छोडऩे के बाद ही जब्ती की कार्रवाई की गई. इसके अलावा इंदौर से भोपाल जा रही एक अन्य बस को बिना परमिट चलता पाए जाने पर जब्त किया गया, लेकिन बस संचालक द्वारा 40 हजार रुपए जुर्माना अदा किए जाने पर बस को छोड़ दिया गया. चैकिंग के दौरान गुजरात की तीन बसों को जब रोका गया तो तीनों बसों में 75 यात्री अतिरिक्त पाए गए. इनके खिलाफ भी चालान बनाए गए.
यह कमियां मिलने पर की जाएगी कार्रवाई
परिवहन विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार एक अक्टूबर 2023 के बाद निर्मित शैक्षणिक वाहनों में एआईएस-135 अनुरूप जीपीएस लगा होना चाहिए तथा शेष शैक्षणिक वाहनों में अग्निशमन यंत्र लगा होना चाहिए. खिड़कियों पर काले कांच या परदे नहीं लगे होंगे. वाहन के साथ वैध बीमा प्रमाण-पत्र, फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट होना अनिवार्य है. यदि वाहन फिटनेस प्रमाण-पत्र होने के उपरांत अनफिट पाई जाती है तो फिटनेस जारीकर्ता अधिकारी एटीएस के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी. यात्री बसों में वीएलटीडी डिवाइस लगा होना आवश्यक है. शैक्षणिक वाहनों में एआईएस 140 अनुरूप व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाइस कैमरे तथा पेनिक बटन लगे होना अनिवार्य रहेगा.
सतत् जारी रहेगा चैकिंग अभियान
फंदा टोल प्लाजा के पास वाहनों को रोककर उनके कागजातों की जांच की गई. इस दौरान एक स्कूल बस बारातियों को ले जाती पाए जाने पर उसे जब्त किया गया. इसके अलावा अन्य वाहनों के खिलाफ भी चालान करते हुए शमन शुल्क वसूला गया. आगे भी हमारे द्वारा चैकिंग अभियान सतत चलाया जाएगा.
रितेश तिवारी,
जिला परिवहन अधिकारी
