मुंबई, (वार्ता) देश की प्रमुख एफएमसीजी कंपनी पतंजलि फूड्स लिमिटेड का 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष की जनवरी-मार्च तिमाही में एकल शुद्ध मुनाफा इसके पिछले वित्त वर्ष के 206.31 करोड़ रुपये के मुकाबले 73.8 प्रतिशत की छलांग लगाकर 358.53 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी ने गुरुवार को शेयर बाजार को बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की अंतिम तिमाही में उसे 358.53 करोड़ रुपये का एकल शुद्ध मुनाफा हुआ है, जो वित्त वर्ष 2023-24 की इसी तिमाही के 206.31 करोड़ रुपये के मुकाबले 73.8 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में उसकी कुल एकल आय में 16.7 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 8348.02 करोड़ रुपये से बढ़कर 9744.73 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इसी तरह उसका कुल एकल व्यय भी 8048.31 करोड़ रुपये से बढ़कर 9286.25 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने बताया कि 31 मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष 2024-25 में उसे 1301.34 करोड़ रुपये का एकल शुद्ध मुनाफा हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 के 765.15 करोड़ रुपये से 70.1 प्रतिशत अधिक है। आलोच्य अवधि में उसके कुल एकल आय 31961.62 करोड़ रुपये से 7.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 34289.40 करोड़ रुपये हो गई। इसी तरह उसका कुल एकल व्यय भी 30901.53 करोड़ रुपये से बढ़कर 32563.23 रुपये पर पहुंच गया।
पतंजलि फूड्स के निदेशक मंडल ने 15 मई, 2025 को आयोजित बैठक में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए दो रुपये अंकित मूल्य के प्रत्येक इक्विटी शेयर पर दो रुपये का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है। यह भुगतान कंपनी की आगामी वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगा।
इससे पहले 24 अक्टूबर, 2024 को आयोजित बैठक में निदेशक मंडल ने दो रुपये अंकित मूल्य के प्रत्येक शेयर पर आठ रुपये का अंतरिम लाभांश घोषित किया था, जिसकी रिकॉर्ड तिथि 04 नवंबर, 2024 थी और भुगतान 12 नवंबर, 2024 को किया गया था।
