
इंदौर. नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स विंग ने बंगाली चौराहा स्थित प्रेमबंधन चौपाटी के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में एक तस्कर के तार गुजरात और जावरा के बड़े ड्रग्स तस्करों से जुड़े पाए गए हैं.
डीएसपी संतोष सिंह हाड़ा ने बताया कि आरोपियों में शामिल मुजफ्फर उर्फ मुजा से 20 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग एक लाख रुपए आंकी गई है. मुजा के साथ आजाद नगर में रहने वाले उसके साथी शादाब पिता शरीफ खान को भी गिरफ्तार किया है. हाड़ा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मुजा के गुजरात और जावरा के सक्रिय ड्रग्स पैडलरों से संबंध सामने आए हैं. नारकोटिक्स विंग की टीम दोनों आरोपियों को जावरा लेकर गई है, जहां कुछ बड़े तस्करों की लोकेशन और ठिकानों की जानकारी पहले ही मिल चुकी है. नारकोटिक्स विंग को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से नशे के एक और अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है.
