इंदौर: देश के शहरों में बढ़ रही यातायात की समस्या का समाधान एलीवेटेड रोड के माध्यम से ही निकल सकता है. शहरों में जो पार्किंग की समस्या पैदा हो रही है, इस समस्या के हल के लिए मल्टीलेवल कार पार्किंग को अपनाना आवश्यक है.यह बात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कही. वे अभ्यास मंडल की 64वीं ग्रीष्मकालीन व्याख्यान माला को संबोधित कर रहे थे.
उनका विषय था- आधुनिक शहरीकरण में ई गवर्नेंस की भूमिका. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय डिजिटलाइजेशन और तकनीक का है. हमारे देश में पिछले 10 साल में महत्वपूर्ण परिवर्तन आया है. देश की अर्थव्यवस्था विश्व में 9 वें स्थान से चौथे स्थान पर आ गई है. हमारे देश में करीब 54 करोड़ की शहरी आबादी है जो कि कुल आबादी का 37′ है. वर्ष 2011 की जनगणना में देश में शहरी आबादी 31′ थी. इससे स्पष्ट है कि 6′ की आबादी गांव से शहर में आ गई. यदि उत्तर प्रदेश की बात करें तो वहां पर शहरी आबादी 22′ है. हमारा प्रदेश कृषि प्रधान है.
करीब-करीब यही स्थिति मध्य प्रदेश की होगी. कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत संपत झंवर, शरद सोमपुरकर, द्वारका मालवीय ने किया. आभार प्रदर्शन अजीत सिंह नारंग ने किया. संचालन अशोक कोठारी ने किया. अतिथि को स्मृति चिन्ह पद्मश्री भालू मोंढे और हंसमुख गांधी ने भेंट किया. जीएस शर्मा, जेठानंद रमानी, श्याम सुंदर यादव, मदन राणे डॉ रजनी भंडारी आदि उपस्थित थे.
अवस्थी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कहीं भी कोई फाइल कागजों पर नहीं चलती है. हर फाइल ई फाइल के रूप में ही बनती है और आगे बढ़ती है। हमारे प्रदेश में हर शहर में इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, स्मार्ट क्लासेस बनाई गई है. हर व्यापारी के लिए अपने संस्थान पर सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य किया गया है. इसके माध्यम से क्राइम की घटनाओं को सुलझाने में मदद मिलती है.
