नयी दिल्ली 12 मई (वार्ता) भारत और पाकिस्तान ने सीमाओं और अग्रिम मोर्चों पर सैनिकों की संख्या तत्काल कम करने की दिशा में कदम उठाने तथा सीमा पर फायरिंग पर पूरी तरह से रोक लगाने के प्रति सहमति व्यक्त की है।
सेना ने सोमवार को यहां बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों के बीच शाम पांच बजे हुई दूसरी बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि दोनों सेना सीमा पर एक भी गोली नहीं चलायेंगी और न ही एक दूसरे के खिलाफ आक्रामक तथा शुत्रतापूर्ण रवैया अपनायेगी।
बातचीत में इस बात पर भी सहमति बनी कि दोनों देश सीमाओं और अग्रिम मोर्चों पर सैनिकों की संख्या में कमी करने के लिए तत्काल कदम उठायेंगी।
उल्लेखनीय है कि सैन्य महानिदेशकों के बीच पहले यह बातचीत दोपहर बारह बजे होनी थी लेकिन बाद में इसे शाम पांच बजे के लिए टाल दिया गया था। सैन्य महानिदेशकों के बीच पहली बैठक पाकिस्तान के अनुरोध पर शनिवार को हुई थी जिसमें सैन्य कार्रवाई को रोकने तथा इसे दीर्घावधि के लिए बढाने पर सोमवार को दोबारा बातचीत की सहमति बनी थी।
पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद सशस्त्र सेनाओं ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ छह मई की रात ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था जिसमें 100 से भी अधिक आतंकवादी मारे गये थे। इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने भारतीय ठिकानों को निशाना बनाने की असफल कोशिश की । भारतीय सेनाओं ने इसके जवाब में जोरदार कार्रवाई की जिससे घबराये पाकिस्तान ने सैन्य कार्रवाई रोकने की पेशकश की थी।
पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक ने शनिवार को अपराह्न साढे तीन बजे अपने भारतीय समकक्ष के साथ हॉटलाइन पर बातचीत में उसी दिन शाम पांच बजे से सैन्य कार्रवाई रोकने की पेशकश की थी जिसे भारत ने मान लिया था।
