
भोपाल, 12 मई (वार्ता) पुलिस ने यहां मंगलवारा थाना क्षेत्र में वाहनों की तलाशी के दौरान एक कार से तलवार और लाठी मिलने पर वाहन चालक को गिरफ्तार कर हथियार और वाहन जप्त कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवारा थाना पुलिस यहां रेलवे गोदाम क्षेत्र में वाहनों की तलाशी कर रही थी। इसी दौरान एक कार से तलवार और लाठी मिली। चालक ने इसे कार की डिक्की में छिपाकर रखा था। पुलिस ने रविवार रात में ही आरोपी सचिन ठाकुर (19) को गिरफ्तार कर कार जप्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गयी है। आरोपी पड़ोसी सीहोर जिले का निवासी है।
सूत्रों ने कहा कि शहर में लूट, वाहन चोरी, संपत्ति संबंधी और अन्य अपराधों पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से सघन वाहन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
