जबलपुर: लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मुख्य अभियंता कार्यालय में आयोजित बैठक में नर्मदा परिक्रमा पथ की प्रस्तावित डीपीआर पर पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन दिया गया। सिंह ने बताया कि नर्मदा परिक्रमा पथ की तैयार की जा रही कार्ययोजना में श्रद्धालुओं के स्नान और पूजा अर्चना के लिए 350 मीटर लंबे चैनल का निर्माण भी किया जाएगा।
चैनल में जगह-जगह प्रेशर पाइप की व्यवस्था की जाएगी ताकि मां नर्मदा के जल को प्रदूषित होने से बचाया जा सके और स्वच्छ जल की उपलब्धता को सुश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि चैनल के एक ओर जहां नागरिकों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे तो वहीं दूसरी ओर ऊंचाई से मां नर्मदा के भव्य स्वरूप का दर्शन करने के लिए व्यू प्वाइंट का निर्माण भी किया जाएगा।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने चैनल के किनारे दीवारों पर आदि शंकराचार्य जी के व्याख्यान एवं मार्कण्डेय ऋषि की परिक्रमा का संदेश देने वाले म्यूरल्स का निर्माण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। श्री सिंह ने बैठक में कहा कि गौरीघाट के पवित्र नर्मदा तट पर माँ नर्मदा प्राकट्योत्सव एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए सांस्कृतिक मंच का निर्माण भी कराया जाएगा।
साथ ही इन कार्यक्रमों में आने वाले कलाकारों के लिए रुकने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। मंत्री श्री सिंह ने नर्मदा परिक्रमा पथ की कार्ययोजना में वाहनों की पार्किंग, पर्याप्त भंडारा स्थल, दिव्यांगजनो की सुविधा के लिए रैंप, वाच टावर एवं अनाउंसमेंट के लिए साउंड सिस्टम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस पर विस्तार से चर्चा की गई।
