अवैध नल कनेक्शन लेने पर 3 के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर


जबलपुर: नगर निगम द्वारा शहर में अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ और शुद्ध पेयजल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ी व सख्त कार्रवाई की गई है। नगर निगम के जल विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान मदन महल क्षेत्र में मुख्य पाइप लाइन से अवैध कनेक्शन लेकर शुद्ध पानी की बर्बादी और उसे दूषित करने का एक गंभीर मामला पकड़ा है, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मदन महल थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जल विभाग के अधिकारियों ने नवभारत को बताया कि जल प्रदाय व्यवस्था को सुचारू बनाने और वार्डों की जल संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए नगर निगम की टीम लगातार मैदानी निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में निरीक्षण के दौरान गेट नंबर-4 से स्नेह नगर जाने वाले मार्ग पर स्थित साईं बाबा मंदिर के कॉर्नर पर एक नवनिर्मित व्यावसायिक बिल्डिंग में मुख्य जल वितरण पाइप लाइन से सीधे अवैध नल कनेक्शन लिया हुआ पाया गया।
स्वच्छ पानी बहकर मिल रहा था दूषित पानी में
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार इस भवन के मालिकों क्रमश: राहुल वाधवानी, मुकेश पाण्डेय और अनुपम गुप्ता द्वारा अवैध कनेक्शन के जरिए शुद्ध पेयजल का उपयोग भवन निर्माण जैसे व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था।निरीक्षण टीम ने ये भी पाया कि अवैध रूप से लिए गए नलों को खुला छोड़ दिया गया था, जिससे कीमती पानी बहकर समीप की नाली के दूषित जल के संपर्क में आ रहा था। इससे मुख्य लाइन के शुद्ध पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित होने और नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होने का गंभीर खतरा पैदा हो गया था। इसे एक गंभीर कानूनी अपराध और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का कृत्य मानते हुए नगर निगम के सहायक यंत्री जल द्वारा मदन महल थाना प्रभारी को पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफ.आई.आर. दर्ज कराई गई है।

Next Post

नीट पेपर लीक के विरोध में युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन,

Thu May 21 , 2026
जबलपुर:देशभर में चर्चित नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों और युवाओं में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को जबलपुर में युवा कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जबलपुर-आधारताल रेलवे ट्रैक पर उतर गए और भोपाल जाने वाली इंटरसिटी […]

You May Like