जबलपुर:देशभर में चर्चित नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों और युवाओं में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को जबलपुर में युवा कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जबलपुर-आधारताल रेलवे ट्रैक पर उतर गए और भोपाल जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की , ‘प्रधानमंत्री वीक है, तभी तो पेपर लीक है जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही आरपीएफ और आधारताल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों को ट्रैक से हटाया और कुछ देर तक रुकी ट्रेन को पुन: रवाना कराया। इसके बाद रेलवे यातायात बाधित करने के मामले में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।यह प्रदर्शन युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और स्थानीय पदाधिकारी इसमें शामिल हुए। सभी ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल में लगातार भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है।इस मौके पर यश घनघोरिया ने कहा कि इस वर्ष आयोजित नीट परीक्षा में लगभग 22 लाख 80 हजार छात्रों ने भाग लिया। इनमें से अधिकांश छात्रों ने डॉक्टर बनने के सपने के साथ दिन-रात मेहनत की थी। लेकिन पेपर लीक के आरोपों ने छात्रों की वर्षों की तैयारी और मेहनत पर पानी फेर दिया। इस अवसर पर शहर अध्यक्ष सतेंद्र (सोनू) कुकरेले, सागर शुक्ला, मोंटी वंशकार, राजा रैकवार, अभ्युत बाजपेयी, मोनू जायसवाल, ऋतिक रजक, ललित सोनी, ओवेस अंसारी, नयन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू
रेलवे ट्रैक पर उतरकर ट्रेन रोकने को गंभीर मामला मानते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार रेलवे संचालन में बाधा डालना दंडनीय अपराध है और संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया जा सकता है।
