रीवा:उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि पचमठा धाम स्थित निषादराज घाट से कोतवाली घाट तक बीहर रिवर फ्रंट के बन जाने से नदी के एक तरफ के रिवर फ्रंट का कार्य पूर्ण हो चुका है. आगामी चरण में निपनिया से पुष्पराज नगर तक नदी के दूसरे किनारे रिवर फ्रंट का कार्य प्रारंभ किया जाएगा. आने वाले समय में बड़ी पुल के पास एनिकट बनाकर पानी में बाबा घाट से राजघाट तक क्रूज भी चलाया जाएगा. श्री शुक्ल ने फीता काटकर रिवर फ्रंट भाग दो का लोकार्पण किया तथा पैदल ही निषादराज घाट से कोतवाली घाट तक भ्रमण किया.
रीवा के विकास में आज एक कड़ी और जुड़ गई जब उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत बीहर रिवर फ्रंट भाग दो को आमजन के लिए लोकार्पित किया. इससे पूर्व बीहर रिवर फ्रंट भाग एक आमजनों के लिए लोकार्पित किया जा चुका है. पचमठा धाम में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटक व रीवावासी रिवर फ्रंट से कलकल बहती बीहर नदी के अप्रतिम सौन्दर्य को करीब से निहार सकेंगे.
रिवर फ्रंट का रखरखाव का दायित्व निर्धारित कर दिया गया है. व्यवस्थित ढंग से इसका रखरखाव हो. उन्होंने कहा कि पचमठा धाम जागृत स्थल है. आदि शंकराचार्य जी के चरण यहाँ पर पड़े थे. इसका वैभव पुनर्स्थापित हुआ है. उपेक्षा पर आस्था की विजय हुई है. यहाँ होने वाली बीहर आरती का दृश्य अद्भुत होता है. श्री शुक्ल ने कहा कि भगवत कृपा से ही रीवा में विकास के कार्य हो रहे हैं.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि आदर्श नगर में गौरवपूर्ण जीवन जीने के लिए उस शहर का समन्वित विकास आवश्यक है. उप मुख्यमंत्री के संकल्प से रीवा में आधारभूत संरचनाओं, पार्कों का विकास तथा रिवर फ्रंट की सौगात मिली है. उन्होंने रीवा में स्वच्छ हवा व स्वच्छ पानी के इंतजाम के लिए उप मुख्यमंत्री जी को साधुवाद दिया.
इस अवसर पर जिला भाजपाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि ऐतिहासिक रिवर फ्रंट रीवा के लिए सौगात है. उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से विन्ध्य में विकास के कार्य किए जा रहे हैं. कार्यक्रम में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, वार्ड पार्षद सहित अधिकारीगण मौजूद रहे.
