ऑपरेशन सिंदूर के जरिए प्रधानमंत्री ने आतंकियों को दिया कड़ा संदेश: शर्मा

भोपाल, 09 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्र सरकार पाक प्रेरित आतंकवाद को जड़-मूल से नष्ट करने को संकल्पित है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आतंकियों को कड़ा संदेश दिया है।

श्री शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने यहां भारत माता चौक पर ऑपरेशन ‘सिंदूर’ की सफलता पर भोपाल जिला द्वारा आयोजित भारत माता की महाआरती में शामिल होकर तिरंगा ध्वज फहराया। श्री शर्मा ने पाकिस्तान पर भारतीय सेना की कार्रवाई का स्वागत किया है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर प्रधानमंत्री श्री मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्रवाई पाक प्रेरित आतंक को समूल नष्ट करने के प्रधानमंत्री श्री मोदी के संकल्प की पूर्ति की दिशा में एक बड़ा कदम है। हमारे सैनिकों ने भारत माता और जयहिंद के जयकारों के साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी की इच्छा के अनुरूप इस ऑपरेशन को सफल बनाया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज भोपाल में सीमा पर लड रहे सैनिकों को ताकत देने और तीनों सेनाओं का अभिनंदन करने के लिए एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की इस कार्रवाई में अनेक आतंकवादी और उनके आका मारे गए हैं। हमारी सेना ने पाकिस्तान और पीओके में की गई इस कार्रवाई में आतंकियों को चुन-चुनकर ठिकाने लगाया है।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उन आतंकियों को भारतीय सेना का जवाब है, जिन्होंने पहलगाम हमले में हमारी बहनों के माथे से सिंदूर मिटा दिया था। हत्यारे आतंकियों ने उस समय उन बहनों से कहा था कि ये संदेश मोदी को दे देना। अब इस कार्रवाई के माध्यम से हमारे जांबाज जवानों ने उन आतंकियों और उनके आकाओं को प्रधानमंत्री श्री मोदी का संदेश दे दिया है। हमारी सेना ने यह बता दिया है कि भारत में बेगुनाहों का खून बहाने वाले आतंकी और उनके आका पाकिस्तान में ही क्यों न छुपे हों, वे हमारी पहुंच से दूर नहीं हैं और जब भी निर्दोश नागरिकों का खून बहाएंगे उन्हें ऐसा ही सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज पूरी देश की जनता प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ खड़ी है।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, प्रदीप त्रिपाठी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

 

Next Post

बैंकों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश

Fri May 9 , 2025
नयी दिल्ली 09 मई (वार्ता) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पाकिस्तान सीमा पर तनाव से उत्पन्न सुरक्षा चिंताओं के बीच शुक्रवार को सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंकों तथा बीमा कंपनियों को किसी भी स्थिति या संकट से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार रहने के निर्देश दिये। […]

You May Like