
भोपाल: राजधानी भोपाल में पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया है। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की कड़ी निगरानी है, और प्रमुख चौराहों के साथ-साथ संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रत्येक पुलिस कर्मी को अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों को छोड़कर छुट्टी नहीं लेने के निर्देश जारी किए गए हैं।
शहर के एयरपोर्ट सहित 30 महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। शहर में प्रवेश करने वाले हर वाहन की गहन तलाशी ली जा रही है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे शहर पर नजर रखी जा रही है। गुरुवार देर शाम पुलिस अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई।
शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों के साथ एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और वीआईपी क्षेत्रों में पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस शहर में हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रख रही है ताकि किसी भी तरह की आशंका को निर्मूल किया जा सके.
गौरतलब है कि हाल ही में भोपाल में कराए गए ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के दौरान जिन लोगों ने अपनी लाइटें बंद नहीं की थीं, उन्हें भी पुलिस चिन्हित कर रही है। ड्रोन की मदद से ऐसे लोगों की पहचान की गई है और उन्हें सिविल डिफेंस के महत्व के बारे में समझाया जाएगा। पुलिस के पास मौजूद तस्वीरों में ज्यादातर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर लगी लाइटें जलती हुई पाई गई हैं, जिन्हें दोबारा ऐसा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इनका कहना है कि
ऑपरेशन सिन्दूर के बाद राजधानी में भी पुलिस और यातयात चेकिंग बढ़ा दी गई है, जिसमे सबसे मुख्यता एयरपोर्ट, रेलवे सटेशन, बस स्टैंड, वीआईपी क्षेत्र में पुलिस द्वारा कड़ी चेकिंग चल रही है , जिसके साथ ही शहर में हर एक पुलिसकर्मी को बहुत इमरजेंसी में ही छुट्टी देने के निर्देश जारी हुए है.
संजय कुमार सिंह, डीसीपी यातायात भोपाल
