पाकिस्तानी मूल की डिजिटल सामग्री के प्रयोग पर सरकार ने लगायी रोक

नयी दिल्ली 08 मई (वार्ता) केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के विरुद्ध एक और कडा कदम उठाते हुए पाकिस्तानी मूल की डिजिटल सामग्री के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गुरुवार को यहां जारी एक परिपत्र में कहा कि सोशल मीडिया, वेबसाइट, ओटीटी या किसी अन्य जन संचार के माध्यम में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सेना की कार्रवाई तथा

अन्य कदमों के मद्देनजर पाकिस्तान के मूल की डिजिटल सामग्री का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए।

परिपत्र में कहा गया है कि ऐसी कोई भी जानकारी होस्ट, प्रदर्शित, अपलोड, संशोधित, प्रकाशित, प्रेषित, संग्रहीत, अद्यतन या साझा नहीं की जानी चाहिए जो “ भारत की एकता, अखंडता, रक्षा, सुरक्षा या संप्रभुता, दूसरे देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों या सार्वजनिक व्यवस्था को खतरा पहुंचाती हो। ”

परिपत्र के अनुसार भारत में कई आतंकवादी हमलों का संबंध पाकिस्तान के सरकारी और गैर सरकारी लोगों के साथ साबित हुए हैं। इसलिए राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में, भारत में संचालित सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म, मीडिया स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और अन्य जनसंचार माध्यमों को सलाह दी जाती है कि वे पाकिस्तानी मूल की वेब-सीरीज, फिल्म, गाने, पॉडकास्ट और अन्य स्ट्रीमिंग मीडिया सामग्री का प्रयोग बंद कर दें।

परिपत्र में कहा गया कि यह परिपत्र सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थ दिशा-निर्देश और डिजिटल मीडिया, आचार संहिता) नियम, 2021 के अंतर्गत जारी किया गया है। नियमों के अंतर्गत आचार संहिता में यह प्रावधान है कि किसी भी विषय-वस्तु को प्रदर्शित करने, प्रसारित करने, प्रकाशित करने या प्रदर्शित करने का निर्णय लेते समय प्रकाशक या प्रसारक को उचित सावधानी और विवेक का प्रयोग करना चाहिए। ऐसी किसी भी सामग्री का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए जो भारत की संप्रभुता और अखंडता को प्रभावित करती है, विषय-वस्तु जो राज्य की सुरक्षा को खतरा पहुंचाती है और विषय-वस्तु जो अन्य देशों के साथ भारत के मैत्रीपूर्ण संबंधों के लिए हानिकारक है तथा हिंसा भड़काने या सार्वजनिक व्यवस्था के रखरखाव में बाधा उत्पन्न करने की आशंका रखती है।

Next Post

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की जाधव ने

Thu May 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 मई (वार्ता) केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने आगामी अंतराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2025 की तैयारियों का आकलन करने के लिए एक समीक्षा बैठक की है और इस वर्ष के योग उत्सव को असाधारण और वैश्विक रूप से प्रभावशाली बनाने के लिए सरकार के संकल्प को दोहराया […]

You May Like