ग्वालियर: ग्वालियर ही नहीं बल्कि देशभर के शिवभक्तों में श्रद्धा व आस्था का केंद्र श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर के भक्तों ने संभागायुक्त एवं कलेक्टर को ज्ञापन पत्र देकर कहा कि मन्दिर प्रशासन के वर्तमान प्रबन्धन से शिवभक्तों को जो अपेक्षाएं थीं, वे पूर्ण नहीं हुई हैं। कई कमियां रह गई हैं जिन्हें दूर किए बिना सभी श्रद्धालुओं को सुविधा एवं राहत मिलना असंभव है।
यहां की व्यवस्थाओं को और अधिक परिमार्जित, लोकाकर्षक, भारतीय धार्मिक परंपराओं के अनुरूप बनाने की प्रबल आवश्यकता है। बाबा अचलनाथ के भक्तों ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को मंदिर की व्यवस्थाओं को सुधारने एवं भविष्य में होने वाले कार्यों को अपेक्षा अनुरूप बनाने के लिए उपयोगी सुझाव दिए।
श्री अचलेश्वर मंदिर न्यास के पूर्व सूचना सचिव महेन्द्र भदकारिया के नेतृत्व में अनिल पुनियानी सहित बड़ी संख्या में भक्तों ने कलेक्टर एवं संभागीय आयुक्त को दिए ज्ञापन में मांग की कि महाकाल, उज्जयिनी में बने “महाकाल लोक” की ही तरह ग्वालियर के इस सुविख्यात श्री अचलेश्वर महादेव मन्दिर पर भी “अचल लोक” बनाया जाए।
