इंदौर: राज्य साइबर सेल इंदौर को एक बड़ी सफलता मिली है. 6 साल पुराने ऑनलाइन फ्रॉड के मामले में टीम ने राजस्थान के अलवर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने वर्ष 2019 में शहर के एक युवक के क्रेडिट कार्ड से हजारों रुपए की ठगी की घटना को अंजाम दिया था.राज्य साइबर सेल की एसपी सराफ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला 7 दिसंबर 2019 का है.
फरियादी अमन का संपर्क फेसबुक पर एक विज्ञापन के माध्यम से आरोपी राहुल कुमार से हुआ था. आरोपी ने खुद को विश्वसनीय बताकर अमन को झांसे में ले लिया और उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर ली. इसके बाद उसने पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 37,440 रुपए की राशि अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली. मामले में जांच के बाद प्रकरण दर्ज किया था.
साइबर सेल की टीम जिसमें इंस्पेक्टर नरेंद्र रघुवंशी और एएसआई रामप्रकाश बाजपेयी शामिल थे, ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और राजस्थान के अलवर से उसे गिरफ्तार कर इंदौर ले आए. फिलहाल आरोपी से अन्य साइबर अपराधों के संबंध में भी पूछताछ जारी है. पुलिस को आशंका है कि वह इसी तरह की अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकता है.
