इंदौर:वार्ड क्रमांक 38 में आने वाले स्टार चौराहे के पास वक्फ बोर्ड की भूमि पर विकसित नहरशाह कंपाउंड में पिछले 12 वर्षों से अभी तक विकास कार्य नहीं हो पाया है. बताया जाता है इस कॉलोनी के अंदर न तो सीवरेज लाइन है और न ही पक्की सड़क बनाई गई है. इतना ही नहीं क्षेत्र में नर्मदा पानी की लाइन बिछाई जा चुकी है लेकिन इस सुविधा को अभी तक क्षेत्र वासियों के लिए शुरू नहीं की गई है. अगर पानी की बात की जाए तो क्षेत्र में इक्का-दुक्का घरों में बोरिंग हैं.
वह भी इस भीषण गर्मी के चलते सूख चुके हैं. अब क्षेत्रवासी पानी के लिए इधर-उधर जाते हैं या पैसा देकर निजी पानी का टैंकर बुलवाते हैं. पानी की किल्लत इतनी बड़ी हुई है कि क्षेत्र में बनी मस्जिद से पानी क्षेत्र वासियों को वितरण किया जाता है. इस मामले को लेकर कई बार क्षेत्रीय पार्षद से बात की गई लेकिन नर्मदा प्रोजेक्ट विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहा है.
इनका कहना है
पिछले कई वर्षों से क्षेत्रवासी नर्मदा लाइन डालने का इंतजार करते आ रहे थे. अब जब क्षेत्र में पानी की लाइन बिछाई जा चुकी है तो इसे जल्द ही चालू कर देना चाहिए.
कमरुद्दीन खान
बारह महीने यहां के लोग पानी के लिए परेशानी उठते रहते हैं. निगम के जल विभाग को चाहिए कि हमारे क्षेत्र की पानी की लाइन शुरू कर दें ताकि सबको राहत मिले.
रफीक खान
क्षेत्र में सड़क और सीवरेज लाइन का कार्य नहीं हो पाया है. इन कार्यों में सबसे पहले क्षेत्र में पानी की पूर्ति की जाए जो लोगों के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है.
बाबू मंसूरी
