नयी दिल्ली, 07 मई (वार्ता) अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान की कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में भारतीय सेना की कार्रवाई का समर्थन किया है।
परिसंघ महामंत्री और भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा है कि आज देशवासियों के लिए गर्व और खुशी का दिन है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी ठिकानों पर सटीक और सफलतापूर्वक हमला कर उन्हें ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई हमारे वीर सैनिकों की असाधारण बहादुरी, साहस और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि अब आतंकवाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई केवल एक सैन्य सफलता नहीं, बल्कि नए भारत की निर्णायक और सशक्त सोच का प्रमाण है।
श्री खंडेलवाल ने कहा, “भारत के नौ करोड़ से अधिक व्यापारियों की ओर से हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं तीनों सेनाओं को सैल्यूट करते हैं ।देश का व्यापारी वर्ग पूर्ण दृढ़ता के साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी के हर कदम में उनके साथ है।”
उन्होंने कहा कि हम तीनों सेनाओं थलसेना, वायुसेना और नौसेना के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हैं, जिन्होंने मिलकर यह ऐतिहासिक अभियान सफल बनाया है।
