
उमरिया। जिले के मानपुर थाना अंतर्गत ग्राम नरवर में सोमवार की सुबह जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के तार में फंसकर दो युवकों की मौत हो गई, घटना की जानकारी के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
मृत युवकों के नाम पुष्पेन्द्र जायसवाल पिता मोतीलाल उम्र 35 वर्ष एवं विपिन दाहिया पिता सूरजदीन उम्र 28 वर्ष दोनों निवासी ग्राम नरवार पंचायत पतौर थाना मानपुर के हैं।आशंका जताई जा रही है कि जानवरों के पेयजल ग्रहण करने वाले स्थान में शिकारियों ने करंट का जाल बिछा रहा था जिसमें फंसकर युवकों की मौत हुई होगी, हालांकि असली कारण और घटना को अंजाम देने वाले आरोपित शिकारी पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।
ग्रामीणों ने सड़क मार्ग जाम कर किया प्रदर्शन
अज्ञात लोगों द्वारा बिछाए गये करेंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौत से आक्रोषित परिजनों एवं ग्रामीणों ने मामले की जांच कर आरोपियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ताला मानपुर सड़क मार्ग को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। मामले की सूचना के बाद पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डा. नागेन्द्र प्रताप सिंह एवं चौंकी ताला वान्धवगढ एवं थाना मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कारियों से मुलाकात कर उनकी बातों को सुनकर कार्यवाही का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोला गया और यातायात प्रारम्भ हुआ।
