काबुल, 05 मई (वार्ता) अफगानिस्तानी पुलिस ने पूर्वी अफगानिस्तान के पक्तिया प्रांत में अवैध हथियारबंद व्यक्तियों से 18 कलाश्निकोव राइफल बरामद की हैं।
अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी। बयान में कहा गया है कि प्रांत के समकानी जिले के बाहरी इलाके में पुलिस द्वारा शुरू किए गए खोज अभियान के दौरान हथियार जब्त किए गए हैं।
मामले के आरोप में किसी को गिरफ्तार किया गया है या नहीं, इसका विवरण दिए बिना बयान में कहा गया है कि पुलिस किसी को भी अवैध रूप से हथियार रखने या ले जाने की अनुमति नहीं देगी।
इससे पहले, पुलिस ने पिछले सप्ताह दक्षिणी हेलमंद प्रांत में कई अभियानों के दौरान 90 पिस्तौल सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद कर जब्त किया था।
अगस्त 2021 में सत्ता संभालने के बाद से अफगान अंतरिम सरकार ने युद्धग्रस्त देश में सुरक्षा स्थिति को स्थिर करने के प्रयासों के तहत हजारों हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद जब्त किया है।

