राज्यपाल गुरमीत ने बाबा केदारनाथ के किए दर्शन, विशेष पूजा से विश्व कल्याण की कामना की

देहरादून/रुद्रप्रयाग, 05 मई (वार्ता) उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को प्रातः पवित्र केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक कर पूजा-अर्चना की तथा संपूर्ण विश्व, मानवता एवं उत्तराखण्ड के सतत विकास के लिए बाबा से आशीर्वाद मांगा।

राज्यपाल ने तीर्थ पुरोहित समाज से भी भेंट की, जिन्होंने पारंपरिक मंत्रोच्चारण के साथ उनका स्वागत किया।

राज्यपाल ने इस अवसर को अत्यंत भावुक और आध्यात्मिक बताते हुए पुरोहित समाज के योगदान को सराहा। पूजा संपन्न होने के बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में एकत्र श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और ‘बोलो बाबा केदारनाथ की जय’ के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय कर दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘शिवभक्त से बड़ा इस संसार में कोई नहीं है। केदारघाटी के कण-कण में भगवान शिव का वास है। यहां के पर्वतों में भगवान शिव की छवि स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर होती है। इस दिव्य भूमि पर कदम रखते ही मन ध्यानमग्न हो जाता है।’’

इस दौरान, राज्यपाल ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। राज्यपाल ने यात्रा मार्ग पर चिकित्सा व्यवस्थाओं, सुरक्षा एवं अन्य जन सुविधाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और मंदिर समिति के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सफल, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में इन सभी विभागों की भूमिका अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए सभी पूरी निष्ठा से सेवा करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार और पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोड़े उपस्थित रहे।

Next Post

सरकार निजी शिक्षण संस्थानों में आरक्षण लागू कर 50 फीसदी की सीमा हटाए: कांग्रेस

Mon May 5 , 2025
नयी दिल्ली, 05 मई (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि सरकार को निजी शिक्षण संस्थानों में आरक्षण लागू कर देश में आरक्षण की 50 प्रतिशत की सीमा खत्म करने की दिशा में कदम उठाने चाहिए। कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष अनिल जयहिंद, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेश लिलोथिया तथा […]

You May Like